कारोबारी से लूटी कार के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार

रंजीत एवेन्यू-गुमटाला रोड टी प्वाइंट पर 29 मई की रात कारोबारी से कार लूटने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के कब्जे से लूट की कार, एक फर्जी नंबर प्लेट, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है। रंजीत एवेन्यू थाने के प्रभारी सब इंस्पेक्टर रोबिन हंस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। आरोपितों से पूछताछ जारी है, ताकि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद हो सके।
रंजीत एवेन्यू थाने में मंगलवार की दोपहर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सब इंस्पेक्टर रोबिन हंस ने बताया कि 29 मई की रात लारेंस रोड निवासी मयंक नंदा से उनकी कार लूटने के बाद पुलिस ने इलाके में लगे कई सीसीटीवी (CCTV)कैमरे खंगाले। दो दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। इस बीच पता लगा कि वारदात को अंजाम देने वाले सुल्तानविड रोड स्थित प्रीतम नगर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ साहिब, मंदिर वाला बाजार निवासी जतिदर सिंह उर्फ जज और शहीदां साहिब गुरुद्वारा के पास स्थित गुरु नानकपुरा निवासी कुनाल कोहली हैं। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को काबू कर लिया। पूछताछ में पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर लूट की कार, एक फर्जी नंबर प्लेट और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली। सब इंस्पेक्टर रोबिन हंस ने बताया कि पता लगाया जा रहा है कि आरोपित शहर में कितनी लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।



