नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप

अमृतसर : गुमटाला निवासी दिलबाग सिंह ने एक युवक पर पुलिस को झूठी शिकायतें देकर परेशान करने का आरोप लगाया है। दिलबाग सिंह ने बताया कि उसने नगर निगम में बतौर क्लर्क की नौकरी के लिए पांच लाख रुपये एक युवक को रिश्वत दी थी। लेकिन आज तक उसे नौकरी नहीं दिलाई गई। उक्त युवक अब गुमटाला पुलिस चौकी में उसके खिलाफ शिकायतें देकर उसे परेशान करवा रहा है। उधर, सब इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने बताया कि दिलबाग सिंह के खिलाफ शिकायत मिली है, वह जांच कर रहे हैं।
दिलबाग सिंह ने बताया कि दो साल पहले उसने एक युवक को निगम में क्लर्क की नौकरी के लिए पांच लाख रुपये दिए थे। नौकरी नहीं मिलने पर जब उसने पैसों की मांग की तो उक्त युवक ने 2.60 लाख का एक चेक उसे दे दिया और शेष 2.40 लाख रुपये कैश देने की बात कही। इसके बाद युवक ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायतें करनी शुरू कर दी कि वह उससे ब्याज वसूल रहा है। दिलबाग ने बताया कि अब उन्होंने 2.60 लाख रुपये का चेक अपने वकील के मार्फत अदालत में लगाने से पहले युवक को कानूनी नोटिस भेजा तो उसने उसके खिलाफ एक और शिकायत थाने में दी है। दिलबाग सिंह के वकील राज बरिदर सिंह ने बताया कि इस बारे में उन्होंने पुलिस कमिश्नर को भी शिकायत की है। वह चेक बाउंस का केस अदालत में दायर करेंगे।



