तरनतारन में बिजली का खंभा टूटने को लेकर हुआ विवाद, युवक को मौत के घाट उतारा

08_06_2021-jalandahr_newss_21718526

खडूर साहिब हलके के गांव लालपुरा में बिजली का खंभा टूटने को लेकर पैदा हुए विवाद में कुछ लोगों ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। हमले में घायल जगदीप सिंह की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस बारे में थाना श्री गोइंदवाल साहिब में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

गांव लालपुरा निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि उसका बेटा जगदीप सिंह (26) अपने चचेरे भाई हरजोत सिंह के साथ गांव के जिम में गया था। यहां पर शुभकरणजीत सिंह, गुरप्रताप सिंह, दिलबाग, खंडी और लव आ गए। उन्होंने जगदीप सिंह और हरजोत सिंह के साथ तकरार शुरू कर दिया। शुभकरणजीत सिंह ने जगदीप सिंह के सिर पर लोहे की राड से वार किया और खंडी ने जगदीप सिंह की छाती में चाकू से हमला किया। जगदीप सिंह के शरीर से रक्त बहने लगा और वे जमीन पर गिर गया। खंडी ने फिर जगदीप सिंह के पीठ पर चाकू से वार किए। हमले के बाद उक्त युवक मौके से फरार हो गए। घायल जगदीप सिंह को तरनतारन के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, यहां इलाज दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सतनाम सिंह ने बताया कि गत शाम उसके भाई का बेटा हरजोत सिंह ट्रैक्टर चलाने का प्रशिक्षण ले रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर के टकराने से बिजली का खंभा टूट गया। पावरकाम (PSPCL) के अधिकारियों से बातचीत करने के बाद हरजोत सिंह हर्जाना भरने को भी तैयार था। शुभकरणजीत सिंह खंभा टूटने के कारण जगदीप सिंह और हरजोत सिंह के साथ लगातार विवाद कर रहा था। हरजोत सिंह लगातार जगदीप सिंह का पक्ष ले रहा था। इसी वजह से शुभकरणजीत सिंह ने अपने साथियों से मिलकर जगदीप सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी।

इस बारे में थाना श्री गोइंदवाल साहिब के प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि सतनाम सिंह के बयान पर शुभकरणजीत सिंह, गुरप्रताप सिंह, दिलबाग सिंह, खंडी और लव खिलाफ हत्या (धारा-302 तहत) का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी लिए एएसआइ नरेश कुमार की ड्यूटी लगाई गई है।

You may have missed