छत्तीसगढ़ : नक्सलियों के दबाव में चल रहे सिलगेर आंदोलन से कोरोना विस्फोट, 523 संक्रमित मिले

बीजापुर। सिलगेर में नक्सलियों के दबाव में सुरक्षा बल के कैंप के विरोध में बीते 25 दिन से आंदोलनरत ग्रामीणों के कारण बीजापुर जिले के उसूर ब्लाक में कोरोना विस्फोट हो गया है। आंदोलनकारियों की जांच कराई गई तो 70 से अधिक संक्रमित मिले। ब्लॉक के कई अन्य गांवों में डोर टू डोर सर्वे के बाद सोमवार को संक्रमितों कीसंख्या 523 पहुंच गई है। इससे पहले 24 मई को 123 संक्रमित थे। ब्लाक में मात्र 12 दिन में 400 मामले बढ़ गए। इन गांवों के निवासी सिलगेर आंदोलन में शामिल थे।
कंटेनमेंट जोन घोषित
सिलगेर सुकमा और बीजापुर जिलों की सीमा पर है। यहां 12 मई से नक्सलियों के दबाव में ग्रामीण आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन में सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के धुर नक्सल प्रभावित अंदरूनी इलाकों के हजारों ग्रामीण एकत्र हो रहे हैं। इसमें बीजापुर के उसूर ब्लाक के करीबन हर गांव के लोग शामिल हैं। कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल ने रविवार शाम को उसूर ब्लाक को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया।



