केंद्र की ओर से आखिरी नोटिस पर ट्विटर ने दिया जवाब, कहा- हम भारत के प्रति प्रतिबद्ध, सरकार से बातचीत जारी

विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म को यूजर्स के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में तय नए नियमों को लेकर ट्विटर की आनाकानी पर केंद्र सरकार नकेल कस रही है। नए नियमों के अनुपालन को लेकर पिछले शनिवार को माइक्रो ब्लागिंग साइट ट्विटर को केंद्र सरकार की ओर से आखिरी नोटिस भेजा गया। इस नोटिस का ट्विटर ने जवाब दाखिल किया है। ट्विटर ने कहा कि ट्विटर भारत के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहा है और रहेगा। हमने भारत सरकार को आश्वासन दिया है कि ट्विटर नए दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और हमारी प्रगति का अवलोकन विधिवत साझा किया गया है। हम भारत सरकार के साथ अपनी रचनात्मक बातचीत जारी रखेंगे।
केंद्र सरकार के नोटिस में कहा गया था कि यह आखिरी चेतावनी है। अब भी नियमों का पालन नहीं हुआ तो आइटी कानून और अन्य दंडात्मक कानूनों के तहत ट्विटर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्विटर का इंटरमीडियरी का दर्जा खत्म किया जा सकता है, जिससे ट्विटर को मिली हुई कई छूट समाप्त हो जाएगी। इससे ट्विटर के लिए भारत में संचालन मुश्किल हो सकता है।
प्रतिबद्धता में कमी
इंटरनेट मीडिया से जुड़े नियमों के पालन को लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स व आइटी मंत्रालय की तरफ से भेजे गए नोटिस में कहा गया था कि नियमों के पालन में कोताही से भारत के लोगों के प्रति ट्विटर की प्रतिबद्धता में कमी जाहिर होती है। 26 मई से नए नियम लागू हो चुके हैं। इसके तहत सभी इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म को शिकायतों के निवारण के लिए चीफ कंप्लायंस आफिसर के साथ नोडल आफिसर और रेसीडेंट ग्रीवांस आफिसर नियुक्त करना है।



