Ludhiana Covid Cases Update : लुधियाना में राहत.. 173 नए कोरोना पाजिटिव मामले आए, सात मरीजों की मौत
लुधियाना, Ludhiana Covid Cases Update लुधियाना में कोरोना के मामलों में लगातार कमी आ रही है। जिले में सोमवार को सबसे कम 173 कोरोना के नए पाजिटिव मरीज मिले हैं। जिसमें से 135 मामले लुधियाना से संबंधित रहे। वहीं सात संक्रमितों की मौत हो गई। जिसमें से छह संक्रमित लुधियाना के रहे। जिले में अब तक 85589 लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। जबकि 2035 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। रविवार को जिले में कोरोना के 203 नए मामले आए थे। इनमें दो गर्भवती महिलाएं और दो हेल्थ केयर वर्कर भी शामिल रहे। दूसरी तरफ जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले तीन संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। तीनों पचास साल से अधिक उम्र के थे। राहत की बात यह है कि कोरोना के एक्टिव केस अब बेहद कम रह गए हैं।
ईएसआइ अस्पताल में बच्चों के लिए बनेगा 100 बेड का कोविड आइसोलेशन वार्ड
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने को लेकर भारत नगर चौक स्थित ईएसआइ माडल अस्पताल में बच्चों के लिए 100 बेड का कोविड आइसोलेशन वार्ड तैयार किया जाएगा। सिविल सर्जन डाॅ. किरण आहलुवालिया ने सेहत विभाग के प्रमुख सचिव हुसन लाल के समक्ष इसका प्रपोजल रखा। हुसन लाल रविवार को तीसरी लहर की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने सिविल सर्जन, प्रोग्राम आफसर और एसएमओ के साथ मीटिंग की। मीटिंग में सिविल सर्जन डाॅ. किरण आहलुवालिया ने कहा कि ईएसआइ अस्पताल शहर के बीच स्थित है और इसमें बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर है। ऐसे में यहां पर 100 बेड का पीडियाट्रिक कोविड केयर सेंटर बनाया जा सकता है।
ब्लैग फंगस के दो नए मरीज मिले
जिले में ब्लैक फंगस के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को भी दो नए मरीज मिले। एक मरीज सीएमसी अस्पताल और एक मरीज दीप अस्पताल में सामने आया। जिले में अब तक ब्लैक फंगस के 94 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 43 लुधियाना के हैं। वहीं अब तक 12 मरीजों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार लुधियाना के रहे।
अभी तक इन अस्पतालों में मिले हैं मरीज
अस्पताल मरीज
डीएमसी – 38
सीएमसी – 18
दीप अस्पताल – 19
ओसवाल अस्पताल – 3
एसपीएस अस्पताल – 11
फोर्टिस अस्पताल – 1
एचएमसी अस्प्ताल – 1
एसएएस ग्रेवाल – 1
सिविल अस्पताल – 1
दीपक अस्पताल – 1



