मंत्री बाजवा की कोठी के बाहर प्रदर्शन

06_06_2021-06grp_28_06062021_398-c-3_21713410_183028

पंजाब रोडवेज, पनसब कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन (पंजाब) और पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों ने पावरकाम हाउस, सिविल लाइन कादियां में धरना दिया और प्रदर्शन किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा की कोठी के बाहर रोष प्रदर्शन किया

यूनियन के चेयरमैन बलविंदर सिंह, प्रांतीय महासचिव बलजीत सिह गिल तथा गुरप्रीत सिंह पन्नू ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी ने अपनी सरकार बनने पर कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वायदा किया था। इसी प्रकार 10 मई 2021 को कच्चे कर्मचारियों को पक्का किए जाने के संबंध में लुधियाना में एक कमेटी का गठन किया गया था, जिसमें मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा सदस्य थे। पर अभी तक कर्मचारियों की मांगों को स्वीकृत नहीं किया गया है। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि कैप्टन सरकार ने महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त सफर करने की स्कीम तो चालू कर दी है पर बसों की संख्या नहीं बढ़ाई है।

उन्होंने कहा कि कंडक्टरों और ड्राइवरों की मांगों पर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। इन नेताओं ने आगे कहा कि अब 2022 में पंजाब विधानसभा के चुनाव आने वाले हैं। नेताओं को अब उनकी दरों पर वोटें लेने के लिए आना है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें तुरंत स्वीकार नहीं की जाती तो आने वाले विधानसभा चुनावों में इन नेताओं को किसी भी गांव में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। प्रदर्शकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा की कोठी का घेराव किया। मंत्री बाजवा को यूनियन नेताओं ने मांग पत्र दिया। मंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि उनकी मांगों के बारे पंजाब सरकार विचार-विमर्श कर रही है। शीघ्र ही इस मसले का हल निकल जाएगा। इस अवसर पर जगदीप दालम, भूपिंदर सिंह सरां, राजबीर सिंह, गुरजीत सिंह, सोहनलाल समेत बड़ी संख्या में यूनियन नेता तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

You may have missed