कांग्रेस नेता के घर बनाई जा रही थी शराब, रेड करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, वर्दी फाड़ी

07_06_2021-07grp_34_07062021_398-c-2_21716339_182844

बटाला,किला लाल सिंह : कांग्रेस के बीसी सेल के हलका फतेहगढ़ च़ूडि़यां के प्रधान लाल सिंह के धर्मकोट बग्गा स्थित घर में देसी शराब बनाई जा रही थी। एक्साइज और पुलिस विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी के दौरान सोमवार को लाल सिंह के घर से सात ड्रमों में छिपाकर रखी गई 1400 लीटर लाहन, 80 बोतल देसी शराब और चालू भट्ठी बरामद की है। इस दौरान कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर लाल सिंह के दो बेटों ने हमला कर दिया और एक कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने लाल सिंह के दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

सोमवार को एक्साइज व पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लाल सिंह के घर में छापेमारी की। घर से 1400 लीटर लाहन, 80 बोतल देसी शराब और एक चालू भट्ठी बरामद की गई। इस दौरान लाल सिंह के दो बेटों लखबीर सिंह उर्फ हीरा और जगदीप सिंह दीपा ने पुलिस मुलाजिमों पर हमला कर दिया। आरोपितों ने एक मुलाजिम की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस कांस्टेबल समरजीत सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान आरोपितों ने उन पर हमला किया। उनकी वर्दी फाड़ दी और उन्हें घायल कर दिया। कांस्टेबल ने उच्च अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। बाद में पुलिस ने लाल सिंह के दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और हीरा को गिरफ्तार कर लिया जबकि जगदीप सिंह फरार हो गया। थाना किला लाल सिंह के एसएचओ(SHO) हरमीक सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कांग्रेस बीसी सेल के प्रधान का इस केस में कोई हाथ नहीं है। हालांकि उनके घर में अवैध शराब का कार्य चल रहा था। लेकिन इस संबंधी प्रधान लाल सिंह को पता नहीं था। जब उन्हें रेड के बारे में पता चला तो वे खुद मौके पर पहुंच गए थे। एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। अभी जांच चल रही है। शराब संबंधी मुझे नहीं थी जानकारी : लाल सिंह

इस संबंधी कांग्रेस नेता लाल सिंह ने बताया कि उनके घर के पास में गुड़ बनाया जाता है। उनको बिल्कुल नहीं पता था कि उनके घर में कोई व्यक्ति अवैध शराब बनाने का कार्य कर रहा है। जब उन्हें सूचना मिली कि वहां छापेमारी हुई है तो वे मौके पर पहुंचे। टीम को कार्रवाई के दौरान पता चला घर कांग्रेस नेता का है|

एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर अजय कुमार और ठेकेदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव धर्मकोट बग्गा में एक परिवार अपने घर के अंदर ही देसी अवैध शराब बनाता है। कार्रवाई के दौरान पता चला कि कांग्रेस के बीसी सेल के हलका फतेहगढ़ चूडि़यां के प्रधान लाल सिंह के घर में यह अवैध कार्य चल रहा है।

You may have missed