ट्रंप के बाद ब्लिंकन का चीन पर हमला, कहा- कोविड-19 के लिए जवाबदेह है चीन

07_06_2021-blinken_us_china_21715856_15439728

वाशिंगटन, एएनआइ।  अमेरिका के विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन ने कहा कि चीन कोरोना वायरस (कोविड-19) के स्रोत तक पहुंचने में सहयोग करे। उन्होंने यह भी कहा कि इस देश को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। अमेरिका इस वायरस की उत्पत्ति की जड़ तक जाना चाहता है। ब्लिंकन का यह बयान ऐसे समय आया, जब कोरोना के स्रोत का पता लगाने के लिए नए सिरे से जांच की मांग बढ़ती जा रही है।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने रविवार को एचबीओ पर प्रसारित एक इंटरव्यू में कहा, ‘हमारे लिए इसकी तह तक जाने का सबसे अहम कारण यह है कि हम अगली महामारी को रोकने में सक्षम हो सकते हैं।’ ब्लिंकन ने बताया कि बाइडन प्रशासन कोरोना की उत्पत्ति की जड़ तक पहुंचने के लिए दृढ़ है। चीन ने वह पारदर्शिता नहीं दिखाई, जिसकी जरूरत है। उसे जवाबदेह ठहराए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने चीन से महामारी संबंधी सभी जानकारी उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय जांच के लिए पूर्ण अनुमति देने की अपील की। इससे पहले शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और अन्य देशों से कहा कि वे कोरोना महामारी के चलते हुए नुकसान के लिए चीन से क्षतिपूर्ति की मांग करें।

बाइडन ने दिया यह आदेश

राष्ट्रपति जो बाइडन ने गत 26 मई को अमेरिकी खुफिया एजेंसियां को आदेश दिया था कि वे कोरोना के स्रोत का पता लगाने के लिए गहराई से जांच कर 90 दिनों में उनके समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यह संदेह जताया जाता है कि चीनी लैब वुहान इंस्टीट्यूट आफ वायरोलाजी से ही किसी चूक के चलते कोरोना लीक हुआ और पूरी दुनिया में फैल गया।

You may have missed