लॉकडाउन में ढील मिलते ही बेखौफ हुए लोग, ये तस्वीर डरा रही हैं

देशभर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी होते ही अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है. अनलॉक शुरू होते ही लोग कोरोना और इससे बचाव से जुड़ी सावधानियां भी अपनना भूल गए हैं. असम की राजधानी गुवाहाटी में कोरोना कर्फ्यू में ढील मिलते ही बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. बाजार की गलियों में जितनी दूर तक निगाहें जा रही थीं सिर्फ लोग ही नजर आ रहे थे.
बाजार की भीड़ में शामिल लोगों ने मास्क तो लगाया हुआ था, लेकिन नाक के नीचे. सोशल डिस्टेसिंग क्या होती है लोग इसको भूल गए. सड़कों पर और दुकानों पर एक समान भीड़ रही, लोग पास-पास ही खड़े होकर खरीदारी करते रहे. सैनेटाइजर की व्यवस्था भी ग्राहकी में मशगूल दुकानदार भूल गए.बाजार में ऐसी भीड़ रही कि किसी त्यौहारी सीजन चल रही हो. जबकि अभी कोरोना का साया हटा नहीं है.गुवाहाटी के एक स्थानीय निवासी ने कहा कि सामान की खरीद करते वक्त सामाजिक दूरी बनाए रखना कठिन होता है क्योंकि प्रशासन द्वारा बाजार खोलने का एक निर्धारित समय दिया है. सभी लोग इसी समय पर सामान खरीदने के लिए बाहर आ रहे हैं. मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में COVID19 का प्रभाव कम होगा. तब सामान्य तौर पर बाजार खुलेंगे और सब कुछ सामान्य होगा.बता दें कि असम सरकार ने कोविड-19 के प्रसार पर नियंत्रण पाने के लिए लगायी गई पाबंदियां 15 जून तक के लिए बढ़ा दी हैं. हालांकि कर्फ्यू में छूट एक घंटे के लिए बढ़ा दी है. पहले कर्फ़्यू दोपहर 12 बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक प्रभावी रहता था, जिसमें एक एक घंटे की छूट दी गई है. यह अब दोपहर एक बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक हो गया है. इस अवधि में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा.



