हिमाचल प्रदेश के लिए बसों के पहिये थमने से टैक्सी चालकों को मिली राहत

पठानकोट: हिमाचल प्रदेश में लाकडाउन के चलते बसों के पहिए थमे होने के कारण आम यात्रियों के लिए परेशानियां पैदा हो गई है। देश के विभिन्न राज्यों से हिमाचल प्रदेश जाने वाले यात्रियों को मजबूरी में प्राइवेट टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे टैक्सी चालकों के काम में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। ऊपर से कोरोना में हुए नुकसान और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के कारण टैक्सी के किराये में बढ़ोतरी हो गई है, जिससे आम जनता की जेब पर भी असर पड़ रहा है।
गौर हो कि देश के विभिन्न राज्यों से हिमाचल प्रदेश में नौकरी पेशा लोग जब बस स्टैंड पर आते हैं तो उन्हें बसें बंद होने का पता चलता है, जिसके बाद उनके पास गंत्वय तक पहुंचने के लिए केवल प्राइवेट टैक्सी ही एक मात्र सहारा साधन बचता है।
टैक्सी चालकों का कहना है कि पिछले साल भी कोरोना के चलते उनका पूरा सीजन खराब हो गया था। इस बार भी आधा सीजन हो गया है, लेकिन काम नहीं चला। अब जो थोड़ी बहुत टैक्सियां चल रही हैं वह केवल सेना व अन्य सरकारी पेशे वाले लोगों पर निर्भर है। लोग बोले- क्या करें टैक्सी करना मजबूरी है
उत्तर प्रदेश के सांवली निवासी महेश ने बताया कि वह सेना में नौकरी करते हैं। पिछले महीने घर गए थे। अब साथ में पत्नी व बेटी को लेकर आए हैं कि चलो हिमाचल प्रदेश की हसीन वादियां दिखा देंगे, लेकिन बस स्टैंड पर पहुंचे तो बसें बंद होने के कारण परेशान हो गए हैं। मजबूरन उन्हे अब टैक्सी करनी पड़ रही है। गौंडा निवासी राघव सिंह ने कहा कि वह भी सेना में कार्यरत हैं। बस स्टैंड पर हिमाचल के लिए बस न होने के कारण उन्हें भी टैक्सी करवानी पड़ रही है।
जिला में 1500 के करीब लोग चलाते हैं टैक्सी
पठानकोट जिले में प्रमुख रूप से पांच टैक्सी यूनियन हैं। इसके अलावा करीब दस ट्रैवल एजेंसियां हैं, जिसके तहत जिला में करीब 1500 टैक्सियां चल रही हैं, जिसमें चार सीटर 400, छह सीटर चार और सात सौ के करीब 12 सीटर गाड़ियां हैं। 500 के करीब टैक्सियां लोकल रूटों पर ही चलती हैं, जबकि बाकी हिमाचल प्रदेश व जेएंडके लिए चलती थीं, जो कोरोना के चलते न के समान चल रही हैं। थोड़ा-बहुत निकलने लगा है काम : प्रधान सहगल
रेलवे टैक्सी आप्रेटर यूनियन के प्रधान सुरेंद्र सहगल का कहना है कि कोरोना के चलते दो महीनों से काम बिलकुल भी ठप पड़ा था, लेकिन हिमाचल में लाकडाउन के चलते अब थोड़ा काम निकला है, परंतु वह केवल सरकारी कर्मचारी व सेना के लोग ही ईधर से उधर हो रहे हैं। हिमाचल में टैक्सी अधिक होने तथा पर्यटकों के न आने के कारण अभी काम ने वह लय नहीं पकड़ी है। सरकार को चाहिए कि जब तक पर्यटक नहीं आते तब तक टैक्सी में कटौती कर उन्हें राहत प्रदान करे। लाकडाउन के चलते हिमाचल के बस सर्विस बंद
पंजाब रोडवेज पठानकोट के आइटी सेल इंचार्ज जीवन वर्मा का कहना है कि बसों में पचास फीसद सवारियों तथा शनिवार व रविवार को लाकडाउन के चलते ज्यादा समस्या आ रही है। हिमाचल प्रदेश में लाकडाउन के चलते बस सर्विस पूरी तरह से बंद है। ऐसे में बाहरी राज्यों से हिमाचल प्रदेश में नौकरी पेशा करने वाले लोग बस स्टैंड पर आ रहे हैं जिन्हें बाद में टैक्सी करके जाना पड़ रहा है।



