ISRO ने विकसित किए तीन प्रकार के वेंटिलेटर, तकनीक भी देगा

बेंगलुरु। कोरोना महामारी से लड़ाई में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) भी आगे आया है और उसने तीन प्रकार के वेंटिलेटर विकसित किए हैं। वह इन वेंटिलेटर की तकनीक उद्योग जगत को साझा करने को तैयार है ताकि महामारी के खिलाफ लड़ाई में और बेहतर तैयारी की जा सके। तकनीक लेने के लिए इसरो ने 15 जून के पहले उद्योग जगत से आवेदन मांगे हैं।
इसरो ने अपने इन वेंटिलेटर के नाम दिए हैं- प्राण, वायु और स्वस्त। ये वेंटिलेटर आसानी से कहीं भी ले जाए सकते हैं तथा इनकी कीमत भी कम है। प्राण (प्रोग्रामेबल रेसपाइटरी असिस्टेंस फार द नीडी एड) वेंटिलेटर आटोमेटेड कंप्रेशन द्वारा रोगी को सांस लेने वाली गैस पहुंचाने के लिए है। वायु (वेंटिलेटर असिस्ट यूनिट) कम लागत वाला वेंटिलेटर है जबकि गैस संचालित स्वस्त (स्पेस वेंटिलेटर एडेड सिस्टम फार ट्रामा असिस्टेंस) को बिजली के बिना काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। इनमें अत्याधुनिक कंट्रोल सिस्टम, एयरवे प्रेसर सेंसर, फ्लो सेंसर, आक्सीजन सेंसर, सर्वो एक्चुएटर के साथ पीप यानी पाजिटिव इंड इक्सपारेटरी प्रेसर कंट्रोल वाल्व लगा हुआ है।



