पर्यावरण संरक्षण के लिए अनूठी पहल:

लुधियाना, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की इकाई हरियावल पंजाब प्रदेश भर में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही है। पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में हरियावल पंजाब के योद्धाओं ने जहां पौधे लगाए वहीं अगले दिन यानी छह जून से पौधों की देखभाल भी शुरू कर दी। हरियावल योद्धा इस पूरे मानसून सीजन में पौधे लगाएंगे और साथ ही उनका पालन पोषण भी करेंगे। हरियावल योद्धाओं का मानना है कि लोग पौधे तो लगा देते हैं लेकिन उसके बाद उनकी देखभाल नहीं करते हैं जिसके कारण ज्यादातर पौधे मर जाते हैं। इसलिए हरियावल पंजाब ने फैसला किया है कि जो पौधे लगाए जाएंगे उनकी देखभाल की जाएगी।
प्रदेश में जिला स्तर पर बनाई जा रही नर्सरियां
हरियावल पंजाब के प्रदेश प्रमुख राम गोपाल यादव ने बताया कि पूरे प्रदेश में संस्था की तरफ से जिला स्तर पर नर्सरियां बनाई जा रही हैं। नर्सरियों से हरियावल पंजाब से जुड़ने वाले लोगों को पारंपरिक पौधे दिए जा रहे हैं। संस्था के सदस्य अपने अपने आसपास इन पौधों को लगाएंगे और उनका पालन पोषण भी करेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले साल संस्था ने पूरे प्रदेश में सात लाख के करीब पौधे लगाए हैं। इस साल भी इतने ही पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
विश्व पर्यावरण दिवस से पौधे लगाने का काम शुरू
राम गोपाल ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से पौधे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है और अब पूरे मानसून सीजन में इसे जारी रखा जाएगा। इसमें जिला स्तर पर इकाइयों ने अपने अपने लक्ष्य तय किए हैं। उन्होंने बताया कि संगठन ने राज्य में अपने 30 संगठनात्मक जिले बनाए हैं। उन्होंने बताया कि इस मुहिम में स्वयं सेवकों के अलावा आम लोग व बच्चे भी जुड़ रहे हैं। उनका मकसद ज्यादा से ज्यादा बच्चों को जोड़ना है ताकि उनमें प्रकृति प्रेम की भावना पैदा हो सके।



