बठिंडा के मॉडल टाउन से बेची जा रही थी हरियाणा की शराब,

बठिंडा, पुलिस आए दिन हरियाणा से तस्करी करके शराब लाने वालों को गिरफ्तार करती रहती है। अवैध शराब को रोकने के लिए पुलिस का भारी भरकम स्टाफ लगा हुआ है। बावजूद इसके बठिंडा की पॉश कालोनी मॉडल टाउन की एक कोठी में शराब का जख़ीरा मिला है। मौके से करीब 100 शराब की पेटियां मिलीं हैं। शहर में करीब 100 शराब की पेटियां एक कोठी में पहुंच गईं लेकिन जिला पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
शनिवार देर रात को पुलिस ने सूचना के आधार पर मॉडल टाउन फेस 4-5 में बनी कोठी में छापामारी कर तस्करी कर लाई गई शराब जब्त की है। शराब की तस्करी में कौन-कौन शमिल है और पंजाब-हरियाणा सीमा पर सख्त नाकाबंदी के बावजूद यह शहर के बीचोंबीच कैसे पहुंची, इसकी जानकारी नहीं दी जा रही है। मामले में पुलिस ने कार्यवाही करनी शुरू कर दी है।
पुलिस का जानकारी देने से इन्कार
अभी तक पुलिस मामले में जांच की बात कर जानकारी देने से इनकार कर रही हैं। एक्साइज विभाग और थाना कैंट पुलिस ने कोठी में छापेमारी की तो वहां हरियाणा की शराब की बड़ी संख्या में पेटियां मिलीं हैं। इस कोठी से ही नाजायज शराब बेचने का धंधा चलाया जा रहा था। यह गोरखधंधा चलाने वाले कौन थे, यह शराब यहां किस तरह पहुंची और किसके संरक्षण में यह धंधा चल रहा था, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।



