जालंधर में युवक के साथ दरिंदगी की Video वायरल, बेटी के तलाक से नाराज

जालंधर,- आदमपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। यहां बेटी का तलाक हो जाने से नाराज उसके घरवालों ने पहले प्रेमी युवक को अगवा किया और फिर उसे खंभे में बांधकर चप्पलों और लाठी डंडों से बूरी तरह से पीटा। आरोपितों ने युवक को यूरिन पिलाकर उसका वीडियो बनाया और फिर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद युवक घरवालों को कुछ बताए बिना कहीं चला गया। घटना 3 मई की है। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने 9 नामजद और 3 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
लड़की की जबरन की शादी, पंचायत के बाद हुआ था तलाक
युवक के घरवालों की माने तो तलवंडी गांव का युवक के पिछले 4-5 साल से एक लड़की के साथ प्रेम संबंध थे। इसकी जानकारी होने के बाद भी लड़की के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और कर दी। लड़की पीड़ित युवक से शादी करना चाहती थी। इस कारण क्षेत्र के सम्मानित लोगों की मौजूदगी में पंचायत बिठाकर लड़की का तलाक करवा दिया गया। इसके बाद से ही लड़की के परिवार वाले और रिश्तेदार युवक से रंजिश रखे हुए थे।
तलवंडी से जालंधर आ रहा था दूध देने, रास्ते से किया अगवा
पीड़ित युवक बीते 5-6 सालों से दूध का कारोबार करता है और गत 3 मई को भी सुबह के करीब सात बजे अपने गांव से जालंधर दूध लेकर आ रहा था। इसी दौरान झंडूसिंघा स्थित पेट्रोल पंप के पास से आरोपितों ने उसे अगवा कर लिया। वे उसे एक डेरे में लेकर गए। यहां वे उसे 24 घंटे से ज्यादा समय तक पीटते रहे। युवक के घरवालों का आरोप है कि आरोपितों ने पीड़ित के पास मौजूद पैसे और उसका मोबाइल भी छीन लिया।
पिटाई के बाद पिलाया पेशाब, बनाते रहे वीडियो
स्वजनों की माने तो युवक को आरोपित बढियाना गांव में लालू के डेरे पर लेकर गए थे। वहां उसके साथ पहले तो काफी देर तक मारपीट की गई। फिर उसे जबरन गिलास में रखी यूरिन पिलाई गई। वायरल वीडियो में भी कुछ लोग युवक को गिलास में रखी कोई चीज पिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि आरोपितों ने पीड़ित युवक को गंदगी भी खिलाई है।



