Punjab: राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी का आरोप SI ने नौकरी का झांसा देकर कई बार किया रेप

rape-image-1200

पंजाब के बठिंडा में एक एएसआई द्वारा युवक को जेल में डालकर उसकी विधवा मां से रेप के मामले की अभी जांच ही चल रही है कि कुछ ऐसा ही मामला अब लुधियाना (Ludhiana) में भी सामने आया है. जहां एक 39 साल की राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी (National female player) ने ट्रैफिक पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर (Sub-inspector) पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है.

महिला का आरोप है कि एसआई ने उसके आपत्तिजनक हालत में फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल (Blackmailed) किया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म (Rape) किया. महिला ने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर लुधियाना (Police Commissioner Ludhiana) को दी है.

क्या है पूरा मामला

शिकायत किए जाने के बाद मामले की जांच एडीसीपी प्रज्ञा जैन (ADCP Pragya Jain) को सौंपी गई है. पीड़िता का कहना है कि वह शादीशुदा है और अपने परिवार के साथ गांव में रह रही है. वह लिफ्टिंग व पावर लिफ्टिंग में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रही है. पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में उसने दो बार गोल्डमेडल जीता है. महिला का कहना है कि एसआई जगजीत सिंह उसके पिता का जानकार था. उसने पुलिस के आलाधिकारियों का जिक्र करते हुए उसे नौकरी दिलाने का वादा किया था. पीड़ता का आरोप है कि जगजीत सिंह ने एक दिन शिवपुरी चौक स्थित होटल में बुलाया और उसके साथ डरा धमका कर दुष्कर्म किया. इस दौरान उसने आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींची और वीडियो भी बनाया. इसके बाद उसने ब्लैकमेल कर कई बार उससे दुष्कर्म किया. एडीसीपी प्रज्ञा जैन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. आरोप सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी हुई है शर्मसार करने वाली घटना

गौरतलब है कि बीते माह सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई गुरविंदर सिंह ने बठिंडा गांव के एक 20 साल के युवक पर एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था. इसके बाद आरोपी गुरविंदर सिंह ने युवक की विधवा मां को जबरदस्ती संबंध बनाने को कहा था. बीते दिनों आरोपी गुरविंदर युवक के घर जा धमका था और उसकी मां के साथ जबरदस्ती की थी. मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने गुरविंदर को काबू में कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया था.

You may have missed