इमरान ख़ान और मोदी सरकार ने क्या

पाकिस्तान और भारत के बीच नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम समझौते के बाद, हाल ही में दोनों देशों के राजनीतिक और सैन्य नेताओं के ऐसे बयान सामने आए हैं, जिसने सीमा पर शांतिपूर्ण समाधान की ओर बढ़ने के संकेत दिए हैं.
हालांकि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने अपने बयान में कहा कि अगस्त 2019 में समाप्त किए गए कश्मीर के विशेष संवैधानिक दर्जे की बहाली से पहले भारत के साथ संबंधों को सामान्य बनाना कश्मीरियों के ख़ून के साथ विश्वासघात होगा.
लेकिन जानकारों का कहना है कि इस समय दोनों देशों की कुछ आर्थिक और रणनीतिक वजहें हैं, जो इन्हें तनाव कम करने के लिए मजबूर कर रहे हैं.
जानकारों का मानना है कि इन बयानों में नया कुछ भी नहीं है, लेकिन शांतिपूर्ण समाधान खोजने की दिशा में अगर देखा जाए तो दोनों पक्षों के रुख़ में कुछ नरमी ज़रूर आई है.
जो बयान हाल के दिनों में दिए गए हैं उनमें सबसे अधिक चर्चा भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे का वो बयान है जिसमें उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच “टूटे हुए विश्वास” को बहाल करना पूरी तरह से पाकिस्तान की ज़िम्मेदारी है.
नरवणे ने कहा कि, “पाकिस्तान और भारत के बीच दशकों पुराने अविश्वास को रातोरात ख़त्म नहीं किया जा सकता. अगर वे (पाकिस्तान) संघर्ष विराम का सम्मान करते हैं और भारत में आतंकवादियों को भेजना बंद कर देते हैं, तो इनसे विश्वास बढ़ेगा.”



