इसराइल में रा’म पार्टी के मंसूर अब्बास,

हाल ही में जब इसराइल अपने सबसे बुरे सांप्रदायिक दंगों से जूझ रहा था तब किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि यहां कुछ ही दिनों में एक अनोखी राष्ट्रीय एकता की सरकार का गठन हो सकता है, जिसमें हर सोच की पार्टियाँ- दक्षिणपंथी, मध्यमार्गी और वामपंथी- तो शामिल होंगी ही, साथ ही साथ एक महत्वपूर्ण अरब पार्टी भी इसमें अहम भूमिका निभाएगी.
यह इसराइल के लिए एक ऐतिहासिक मौक़ा है जो कि 1948 में उसके निर्माण के बाद अब तक अकल्पनीय था.
राजनीतिक अस्थिरता से गुज़र रहे इसराइल में इसकी संभावनाएं कुछ समय से नज़र आ रही थीं मगर हाल के तनाव के कारण इसमें अड़चन पैदा हो गई थी और ऐसा महसूस होने लगा था कि ये सपना ही बनकर रह जाएगा.
अगर ये सरकार बनती है और इसराइली संसद की इसे मंज़ूरी मिलती है तो ये सामुदायिक स्तर पर बुरी तरह से विभाजित इस क्षेत्र के लिए निश्चित तौर पर बहुत अहम पहल और प्रयोग साबित होगा. इस सरकार की ख़ास बात यह होगी कि इसमें शामिल हर पार्टी की अपनी विशेष अहमियत होगी और सभी का सहयोग अनिवार्य होगा.
ग़ौरतलब है कि सरकार में शामिल अरब पार्टी, रा’म (Ra’am), बाहर से सरकार का समर्थन नहीं कर रही बल्कि उसका हिस्सा है.
दैनिक ह’आरेत्ज़ के पत्रकार अंशेल फ़ेफ़र, ने विपक्ष के नेता याइर लापीद द्वारा राष्ट्रपति रूवेन रिवलिन को सरकार गठन को लेकर पर्याप्त समर्थन जुटा लेने की सूचना देने के कुछ घंटे पहले ट्वीट किया “आज रात और विश्वासमत होने तक के दिनों में चाहे जो कुछ भी हो, यह एक ऐतिहासिक तस्वीर है. एक अरब-इसरायली पार्टी के नेता और एक यहूदी-राष्ट्रवादी पार्टी के नेता एक साथ सरकार में शामिल होने के समझौते पर हस्ताक्षर कर रहे हैं.”
उन्होंने ट्वीट के साथ रा’म पार्टी के प्रमुख मंसूर अब्बास की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वो दक्षिणपंथी यमिना पार्टी के नेता नेफ़्टाली बेनेट और सेंट्रिस्ट यश अतीद के याइर लापीद के साथ गठबंधन समझौते पर हस्ताक्षर करते हुए देखे गए



