ऑस्ट्रेलिया में भारतीय युवती की हत्या

पटियाला(Parminder singh )
ऑस्ट्रेलिया के एडीलेड में भारतीय युवती की हत्या करके उसके शव को दफना देने का मामला सामने आया है। आरोप एक भारतीय पर ही लगे हैं। मृतका और आरोपी दोनों पंजाब से हैं। मृतका की पहचान संगरूर जिले के गांव नरायणगढ़ की बेटी जसमीन कौर के रूप में हुई है। आरोपी लुधियाना जिले के खन्ना के पास के गांव बुलालों निवासी मोहन सिंह का पुत्र तारिकजोत सिंह है। ऑस्ट्रेलियन पुलिस ने मामला सुलझाते हुए तारिक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के मामा कुलवंत सिंह ददहेड़ा ने बताया कि जसमीन ढाई साल पहले नर्सिंग कोर्स करने एडीलेड गई थी। वहां तारिक उसके पीछे पड़ गया। वह उसे परेशान करता था। तारिक वहां अपनी मौसी राजवीर कौर के पास रहता है। जसमीन पार्ट टाइम जॉब भी करती थी। वहीं पर तारिक भी काम करता था, लेकिन वह उसे परेशान करता था। जसमीन ने इस बारे में पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन तारिक फिर भी उसके पीछे पड़ा रहता था।
इस बारे में जसमीन ने अपने घर वालों को भी बताया था। इस बीच जसमीन गायब हो गई। परिजनों को जब यह बात पता चली तो उन्होंने वहां एक सहयोगी की मदद से पुलिस को शिकायत दी। परिजनों ने तारिक पर जसमीन को गायब करने का आरोप लगाया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तारिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर तारिक ने जुर्म कबूल कर लिया और उसने बताया कि उसने जसमीन की हत्या कर दी है।
तारिक की निशानदेही पर पुलिस ने जसमीन का शव भी बरामद कर लिया। तारिक ने जसमीन के शव को एडीलेड से 400 किलोमीटर दूर दफनाया था। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी तारिकजोत सिंह और उसके मौसी -मौसा को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस जसमीन की हत्या किए जाने के कारणाें को जानने में जुटी है।



